डर्बी शायर क्लब के तत्वावधान में क्लब अध्यक्ष शकील अहमद ‘जादूगर’ के नेतृत्व में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता स्वर्गीय मनोज कुमार की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम पितर कुंडा स्थित प्राचीन कुंड पर आयोजित हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और मछलियों को चारा खिलाकर पुण्य स्मरण किया। इस कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष शकील अहमद ने बताया कि 4 अप्रैल 2025 को मनोज कुमार ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। उन्होंने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 24 जुलाई 1937 को हुआ था। मनोज कुमार ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार देशभक्ति फिल्में दीं।
अपने चार दशकों के करियर में उन्होंने 50 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और साथ ही निर्देशक व निर्माता के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई।उन्होंने यह भी बताया कि उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महान कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर चिंतित बनारसी, हैदर मुल्ला, विक्की यादव, बल्ले शर्मा, जावेद हुसैन, बबलू जायसवाल, मोहम्मद अली सहित कई लोग मौजूद रहे।

