रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के सुस्वाही इलाके में स्थित पौदरिया वीर बाबा परिसर में शुक्रवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड नंबर 39 के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। लोगों ने झाड़ू लगाकर कचरा हटाया और पूरे इलाके को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। अभियान के दौरान पास स्थित मस्जिद के आसपास भी सफाई की गई, जिससे सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पार्षद सुरेश पटेल ने कहा कि स्वच्छता एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जब भी प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा प्रस्तावित होता है, तब स्थानीय स्तर पर इस तरह के अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया जाता है।उन्होंने आगे जानकारी दी कि 28 अप्रैल को बीएलडब्ल्यू परिसर में प्रस्तावित ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे वार्ड में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वकर्मा नगर स्थित पौदरिया वीर बाबा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।अभियान में सुसवाही क्षेत्र के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से सफाई कार्य को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया।इस मौके पर दीपक पटेल, मनोज सिंह, विकास पटेल, प्रिंस पटेल, परमानंद, सुभाष, रमेश पटेल, बबलू, शशांक, सुनील सहित कई लोग उपस्थित रहे।

