वाराणसी, 6 अप्रैल: शहर को मानसून के दौरान जलभराव से बचाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर नाला सफाई और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी।निरीक्षण के दौरान कंदवा-19, सुसुवाही-39 और करौंदी-33 वार्डों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का जायजा लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या न हो।
निरीक्षण की शुरुआत चितईपुर से हुई, जहां मुख्य मार्ग और गांव के भीतर की ड्रेनेज व्यवस्था का अवलोकन किया गया। इसके बाद टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची, जहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मीरानगर एक्सटेंशन, शिव नगर कॉलोनी में मियावाकी पद्धति से विकसित हो रहे जंगल और निर्माणाधीन पार्क का भी निरीक्षण किया गया।अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। सुसुवाही वार्ड के आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। वहीं, विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी सड़क और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे।

