शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से वाराणसी नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान मैदागिन चौराहा से शुरू होकर बुलानाला चौक, बासफाटक होते हुए गोदौलिया चौराहा तक चलाया गया।अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। प्रशासन ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चौक थाना के सामने माला और फल की दुकानों को भी हटाया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात सुचारु हो सके।इस अभियान में एएसपी अतुल अंजान त्रिपाठी, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव, सीएमएफआई धर्मेन्द्र मिश्रा, अभिषेक राय सहित नगर निगम की प्रवर्तन टीम सक्रिय रही।प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

