पति पर गंभीर आरोप, 10 महीने से न्याय की गुहार

एक मां की पीड़ा और न्याय की गुहार ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर निवासी निशा सिंह ने अपने दामाद पर बेटी की हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई है।पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी बेटी प्रिया सिंह की शादी मडुआडीह थाना क्षेत्र के नाथुपुर निवासी अमित कुमार वर्मा से हुई थी। 7 जुलाई 2025 को आरोपी पति ही प्रिया को गोरखपुर लेकर गया था, जिसके बाद परिवार को फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। यह सुनकर परिवार स्तब्ध रह गया, लेकिन जब मां वहां पहुंची तो सच्चाई कुछ और ही निकली। प्रिया की हालत गंभीर थी और तत्काल इलाज शुरू कराया गया।

मां ने बताया कि उनकी बेटी 7 दिनों तक कोमा में रही और 22 दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझती रही। आखिरकार उसे नई जिंदगी मिली, लेकिन इस दौरान जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरे परिवार को झकझोर दिया। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने बेरहमी से मारपीट कर प्रिया को बेहोश कर दिया और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर पंखे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।मकान मालिक की सतर्कता से प्रिया की सांसें चलती देख उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच सकी। इस मामले में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन मां का आरोप है कि अब तक हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धारा नहीं जोड़ी गई है।न्याय के लिए दर-दर भटक रही मां भावुक हो उठी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों से वे न्याय की गुहार लगा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे अपनी बेटी के साथ आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।मां की यह पीड़ा और बेबसी न सिर्फ प्रशासन के लिए एक चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। फिलहाल मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post