चंदौली पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 932 पेटियों में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 9031 लीटर शराब पकड़ी गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है यह कार्रवाई 28 अप्रैल 2026 को वाराणसी-चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक (नंबर RJ14GN7944) में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर शराब की पेटियां रखी मिलीं। बरामद शराब में किंगफिशर, रॉयल स्टेग, इम्पीरियल ब्लू और ऑल सीजन ब्रांड शामिल हैं। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन पंजाब ओनली” अंकित था और स्कैनर को खुरचा गया था।
मामले में राजस्थान के राजसमंद निवासी 34 वर्षीय जगदीश लोहार को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था, जहां शराबबंदी लागू है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


