वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को ग्राम घमहापुर के पास एक टाटा अल्ट्रोज कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बर्तन धो रही बिंदू देवी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने कार चालक मनीष सिंह के साथ मारपीट की,
जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल मनीष सिंह को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर पर थाना फूलपुर में 8 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
28 अप्रैल 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनोज प्रजापति, हरिश्चंद्र राजभर, योगेंद्र प्रजापति और अभिषेक उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जिसके लिए क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार दबिश दे रही है।पुलिस का कहना है कि सभी वांछित आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


