वैशाख शुक्ल नवमी पर माता सीता के प्रकाट्योत्सव जानकी नवमी के अवसर पर चौखंबा-चौक स्थित भारतेन्दु भवन में मैथिल समाज, उत्तर प्रदेश द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिसर को सैकड़ों दीपों से सजाकर दीपोत्सव मनाया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष निरसन कुमार झा एडवोकेट व अतिथियों द्वारा माल्यार्पण एवं आचार्य पं. मनोज मिश्र के संयोजन में आरती से हुई। इस अवसर को मैथिली दिवस के रूप में भी मनाया गया। “वैदेही नारी शक्ति सम्मान” से मालिनी चौधरी (समाज सेवा), कंचन ठाकुर (शिक्षा) और वृष्टि (संगीत) को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में वृष्टि चक्रवर्ती के संयोजन में कलाकारों ने मां जानकी के जीवन प्रसंगों—जन्म, स्वयंवर, राम-सीता विवाह, वनवास, रावण वध व अयोध्या आगमन—की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत कीं। सीता स्वयंवर व विवाह तथा वनवास का दृश्य विशेष रूप से भावुक रहा। विभिन्न कलाकारों ने राम, सीता, लक्ष्मण, रावण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, केवट, कैकेयी व दशरथ की भूमिकाएं निभाईं।कार्यक्रम का संचालन गौतम कुमार झा एडवोकेट ने किया, स्वागत दीपेश चन्द्र चौधरी ने किया तथा अंत में अध्यक्ष निरसन कुमार झा एडवोकेट ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन में सुधीर चौधरी व मनोज मिश्र का सहयोग रहा और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

