स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.07 कुंतल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय गिरी निवासी मुस्तफाबाद, थाना हलधरपुर (जनपद मऊ) के रूप में हुई है। उसके पास से एक कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ टीम ने 26 अप्रैल की तड़के वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर पुलवरिया पुल के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत सहायक पुलिस आयुक्त कैंट की मौजूदगी में की गई।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के मऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था और महीने में कई बार यह काम करता था।इस संबंध में थाना कैंट, कमिश्नरेट वाराणसी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

