सिगरा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस व संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय शिल्पा सिंह अपने पति प्रिंस सिंह के साथ जयप्रकाश नगर कॉलोनी स्थित मुकुंद बरनवाल के मकान में किराए पर रहती थीं। बताया जा रहा है कि शिल्पा सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, हालांकि घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।मृतका मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थी, जबकि उसके पिता गंगाधर सिंह परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते थे। आरोप है कि पति प्रिंस सिंह शराब का आदी है और शिल्पा के साथ मारपीट करता था।
परिजनों ने बताया कि विवाद के चलते कुछ समय पहले शिल्पा अपने मायके चली गई थी, लेकिन हाल ही में सुलह के बाद पति उसे वापस वाराणसी लेकर आया था। दोनों की शादी वर्ष 2019 में हुई थी और पति नगर निगम में संविदा पर कार्यरत है।मृतका के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी की हत्या की है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी कई बार विवाद के मामले पुलिस और कोर्ट तक पहुंचे थे, जहां समझौता कराया गया था।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

