अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के तत्वावधान में 01 मई को क्री-कुंड स्थित बाबा कीनाराम स्थल परिसर में 55 जरूरतमंद नवयुवक-नवयुवतियों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के अवसर पर किया जा रहा है।संस्थान के प्रमुख व्यवस्थापक अरुण सिंह एवं कार्यक्रम संयोजिका रुबी सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह आयोजन सामाजिक सेवा के उद्देश्य से हर वर्ष किया जाता है, जिसमें जरूरतमंद परिवारों के युवाओं का विवाह पूरे विधि-विधान और परंपराओं के साथ संपन्न कराया जाता है।
कार्यक्रम के तहत 01 मई को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हल्दी की रस्में होंगी। इसके बाद रात्रि 8 बजे से मध्य रात्रि तक सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। विवाह के उपरांत प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।इस अवसर पर पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम नवविवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।


