वाराणसी: शहीद उधम सिंह के सम्मान में रामापुरा स्थित प्रस्तावित रोपवे टर्मिनल पर उनकी प्रतिमा और शिलापट्ट उद्घाटन से पहले स्थापित किए जाएंगे। यह जानकारी रोपवे परियोजना के एम.डी. सुब्बाराव और प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा मिश्र ने ट्रस्ट के चेयरमैन उदय नारायण सिंह को दी।कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समाज कल्याण ट्रस्ट द्वारा शहीद उधम सिंह और अन्य महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विभिन्न धर्मों—वेद, कुरान, बौद्ध, ईसाई और गुरु ग्रंथ साहिब—के पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जो सर्वधर्म समभाव का प्रतीक रहा।उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों ने पुलिस लाइन मुख्यालय से पहुंचकर शहीद उधम सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बिगुल की धुन और शस्त्र झुकाकर दी गई सलामी के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गुरुद्वारा नीचीबाग से गुरु वाणी का पाठ भी किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन उदय नारायण सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया था। प्रस्ताव के तहत गिरजाघर चौराहे के पास रोपवे स्टेशन का नाम “शहीद उधम सिंह रोपवे टर्मिनल” रखने, साथ ही वहां संग्रहालय, शिलापट्ट और स्वतंत्रता सेनानियों की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना है।कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष मंगल सिंह की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धांजलि दी गई। आयोजन में विभिन्न समाजों, धर्मगुरुओं, पूर्व अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।उल्लेखनीय ऐतिहासिक परंपरा के तहत कई दशकों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ गार्ड ऑफ ऑनर और पुलिस बैंड की सलामी दी जाती रही है।

