वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। पुलिस ने शातिर अभियुक्त शनि धरिकार (22 वर्ष) को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से गला हुआ सोना, चांदी की सिल्ली, नगदी, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना रोहनिया पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से यह सफलता हासिल की। अभियुक्त को 5 अप्रैल 2026 को गंगापुर-रोहनिया रोड स्थित चौरा माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।
क्या थी घटना?
21/22 मार्च 2026 की रात गोविन्दपुर गांव निवासी एक परिवार घर में ताला लगाकर विंध्याचल दर्शन गया हुआ था। देर रात लौटने पर उन्होंने पाया कि घर का ताला और अलमारी तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पार कर दी थी। इस संबंध में थाना रोहनिया में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गोविन्दपुर में सुनसान घर देखकर तीनों ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और अलमारियां तोड़कर जेवरात व नगदी चुरा ली। बाद में जेवरात को शहर से बाहर एक ज्वेलर्स के माध्यम से करीब 17 लाख रुपये में बेच दिया गया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
180.460 ग्राम गला हुआ सोना
818 ग्राम चांदी की सिल्ली
₹8500 नगद
एक 315 बोर तमंचा व 2 जिंदा कारतूस
घटना में प्रयुक्त होंडा अमेज कार
लंबा आपराधिक इतिहास
अभियुक्त शनि धरिकार पर वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके शातिर अपराधी होने की पुष्टि होती है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।यह सफलता रोहनिया पुलिस और सर्विलांस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है।

