वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जल्द ही एक भव्य “अर्बन हाट” विकसित किया जाएगा, जो काशी की समृद्ध कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का नया केंद्र बनेगा। परियोजना का 3D डिजाइन जारी कर दिया गया है, जिसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ पारंपरिक बनारसी वास्तुकला की झलक दिखाई दे रही है।
प्रस्तावित अर्बन हाट में बनारसी सिल्क, लकड़ी के खिलौने, पीतल कला, गुलाबी मीनाकारी और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल बनाए जाएंगे। इसके अलावा लोक कलाकारों के प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खानपान के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी।अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। अर्बन हाट पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
जारी 3D इमेज में आकर्षक प्रवेश द्वार, ओपन थिएटर, फूड कोर्ट, हरित क्षेत्र और पारंपरिक काशी थीम पर आधारित डिजाइन देखने को मिल रहा है। परियोजना को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।शहरवासियों का मानना है कि यह अर्बन हाट काशी की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई ऊंचाई देगा।


