घर में घुसकर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर समेत चोरी का सामान बरामद

थाना सिगरा पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये के चोरी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में थाना सिगरा पर मुकदमा संख्या 0152/2026 के तहत धारा 331(2), 305(a) बीएनएस तथा बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस में केस दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच और तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को थाना सिगरा पुलिस टीम ने लहरतारा पुल के नीचे गोल गुम्बद के पास से अभियुक्त पंग पुत्र रजजन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से कृष्णा नगर, Prayagraj का निवासी है और वर्तमान में नवाबगंज, Kanpur में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 23 वर्ष बताई गई है।पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, घड़ी, बाइक की चाबी, ताबीज समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में सोने का हार, झुमके, अंगूठी, पायल, बिछिया, चांदी के सिक्के और अन्य घरेलू सामग्री शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कानपुर नगर के विभिन्न थानों में महामारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक मोहम्मद जावेद अशरफ, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post