कुँजी टोला में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बुलेट समेत तीन वाहन जले

कुँजी टोला स्थित चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार पंकज कुमार गुप्ता के मकान में खड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलते हुए एक बुलेट और दूसरी स्कूटी तक पहुंच गई, जिससे कुल तीन वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग की तेज लपटों और धुएं से घर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

धुएं के कारण मकान में मौजूद लोग बगल की छत के रास्ते बाहर निकले। इसी दौरान घर में मौजूद 70 वर्षीय चमेली देवी धुएं की चपेट में आने से अचेत हो गईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।भवन स्वामी पंकज कुमार गुप्ता के अनुसार आग से करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।




Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post