पितरकुंडा प्राचीन कुंड पर सोमवार को डर्बी शायर क्लब के तत्वावधान में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सुनील दत्त की 21वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में किया गया।इस दौरान प्राचीन कुंड में मछलियों को चारा खिलाया गया तथा सुनील दत्त के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके सामाजिक कार्यों और फिल्मी योगदान को याद किया।
शकील अहमद जादूगर ने कहा कि सुनील दत्त का जन्म 6 जून 1929 को पाकिस्तान के झेलम जिले में हुआ था और 25 मई 2005 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा। उन्होंने कहा कि देश में जब भी कोई आपदा आती थी, सुनील दत्त लोगों की मदद के लिए सड़कों पर उतर जाते थे और सेवा कार्यों में जुट जाते थे।उन्होंने बताया कि सांसद और केंद्रीय खेल मंत्री रहने के दौरान सुनील दत्त ने आदिवासी एवं सड़क किनारे खेल दिखाने वाले गरीब बच्चों को राष्ट्रीय शिविरों में स्थान दिलाने का कार्य किया। साथ ही 70 और 80 के दशक में डाकुओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए फिल्मों के माध्यम से सकारात्मक प्रयास किए।इस अवसर पर हैदर मुलाई, चिंतित बनारसी, गुफरान अहमद, मुन्नू विश्वकर्मा, सनी सिंह, जावेद हुसैन, राहुल कुमार और संजय गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।


