कानपुर में रोड रेज का खौफनाक अंजाम: मामूली टक्कर के बाद पिता-पुत्र की हत्या

कानपुर में रविवार रात रोड रेज की एक छोटी सी घटना ने भयावह रूप ले लिया, जब बाइक की टक्कर के बाद हुए विवाद में पिता और पुत्र की हत्या कर दी गई। यह घटना किदवई नगर क्षेत्र में बाईपास के पास हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सनिगवां के सजारी निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ काम खत्म कर घर लौट रहे थे। तीनों किदवई नगर स्थित एक मार्बल की दुकान में काम करते थे। रात करीब 9 बजे उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही अपाचे बाइक से हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। अपाचे बाइक सवार तीन युवकों ने पहले हेलमेट से हमला किया और फिर चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में शिवनारायण और उनके एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।



घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। वहीं, दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार

छापेमारी कर रही है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post