बदायूं में एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन वाटर पार्क में डूबने से सात साल के मासूम की जान चली गई। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जब जिलाधिकारी (डीएम) के आदेश पर बच्चे के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामला अलापुर थाना क्षेत्र के भसराला गांव का है। यहां के निवासी जफर का बेटा हसनैन शनिवार दोपहर अपने चाचा के साथ गांव में बन रहे रॉयल वाटर पार्क में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
बाद में बच्चे के पिता की शिकायत पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए और एक समिति गठित की। जांच के दौरान शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाटर पार्क को सील कर दिया है और मालिक व केयरटेकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। केयरटेकर को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वहीं, लापरवाही के आरोप में अलापुर थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए एसपी सिटी ने एसएसपी को रिपोर्ट भेजी है।


