वाराणसी-बाबतपुर मार्ग पर सातोमहुआ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जबकि मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और ट्रैक्टर की भिड़ंत इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हालांकि, दुर्घटना के कारण वाराणसी-बाबतपुर मार्ग पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

