दानापुर— बिहार के दानापुर में एक अनोखा ‘ATM’ इन दिनों लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना हुआ है। बाहर से देखने पर यह पूरी तरह किसी बैंक एटीएम जैसा नजर आता है। यहां तक कि बाहर स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया(SBI) का बोर्ड भी लगा हुआ है, जिससे लोगों को लगता है कि अंदर कैश निकालने की सुविधा उपलब्ध होगी।लेकिन जैसे ही लोग पैसे निकालने की उम्मीद में अंदर पहुंचते हैं, वहां एटीएम मशीन की जगह हेयर कटिंग सैलून देखकर हैरान रह जाते हैं। दरअसल, इस स्थान पर पहले बैंक का एटीएम संचालित होता था, जिसे बंद किए जाने के बाद दुकान को किराये पर दे दिया गया।
अब उसी जगह पर एक सैलून चल रहा है, जबकि बाहरी ढांचा और एटीएम जैसी सजावट पहले की तरह ही बनी हुई है। यही वजह है कि राहगीर और ग्राहक अक्सर भ्रमित हो जाते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, यह अनोखा सेटअप सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं। कई लोग मजाक में इसे “हेयर कटिंग ATM” तक कहने लगे हैं।

