चंदौली के जीवक हॉस्पिटल में भर्ती महिला की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चकिया स्थित जीवक हॉस्पिटल के भीतर भर्ती एक महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वार्ड में घुसे एक हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर महिला को निशाना बनाया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।मृतका की पहचान 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है, जो सासाराम की रहने वाली बताई जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक वह बीते 5 अप्रैल से अस्पताल में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल के अंदर दाखिल हुआ। उसके हाथ में पिस्टल थी और वह सीधे उस वार्ड में पहुंचा, जहां महिला भर्ती थीं। वहां पहुंचते ही उसने लक्ष्मीना देवी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही महिला बेड पर गिर पड़ीं और वार्ड में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। डॉक्टरों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर हमलावर हथियार लेकर अस्पताल के वार्ड तक कैसे पहुंच गया।इस सनसनीखेज वारदात के बाद चंदौली से लेकर सासाराम तक हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी हुई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post