वाराणसी। काशी क्षेत्र में चलती जम्मू-तवी एक्सप्रेस में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब यात्री ट्रेन के बाथरूम से बाहर निकल रहा था। बदमाश ने नजदीक से उसके सिर में गोली दाग दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली चलने की आवाज सुनते ही यात्री अपनी सीटों से उठकर बाहर आ गए। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या लूटपाट से जुड़ा हो सकता है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।गौरतलब है कि ट्रेनों में दो दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार बढ़ रही घटनाओं के बाद यात्रियों में डर का माहौल है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

