लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित शराब की दुकान के पास देर रात दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर बैट से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, साकेत नगर निवासी चंद्रमा पटेल अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि बीच सड़क पर बैट से किए गए वार में चंद्रमा के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें तीन टांके लगे हैं।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल युवक को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मामले में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के एक छात्र को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।


