शहर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की सिगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट स्टेशन क्षेत्र में मॉडल शॉप के कर्मचारियों द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह एवं पुलिस टीम ने विजयनगरम मार्केट क्षेत्र में छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर जनपद के जलालपुर निवासी सोनू यादव, संदीप यादव तथा चौबेपुर थाना क्षेत्र के रजवाड़ी निवासी शिवपूजन यादव के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 55 बोतल अंग्रेजी शराब, 41 कैन/बोतल बीयर और 16 बोतल देसी शराब बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी मॉडल शॉप में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं और देर रात ग्राहकों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेचने का अवैध कारोबार चला रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिगरा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


