प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने “हमारी जनगणना, हमारा भविष्य” अभियान को देश के विकास की मजबूत नींव बताते हुए नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और सामाजिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनते हैं।राज्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की भावी नीतियों और संसाधनों के समुचित वितरण की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
आयुष मंत्री ने स्वयं जनगणना फॉर्म भरकर लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही और तथ्यात्मक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि अभियान को लेकर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।


