वाराणसी में स्मार्ट मीटर के खिलाफ आप का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर को “स्मार्ट नहीं, चीटर मीटर” करार देते हुए आरोप लगाया कि यह उपभोक्ताओं की मेहनत की कमाई लूटने का माध्यम बन गया है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं और पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।

कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर में भारी गड़बड़ियां हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि रिचार्ज कराने के बाद भी मीटर का बैलेंस तेजी से खत्म हो जाता है और कई बार सुबह होते ही बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है।इस दौरान पार्टी के कई दर्जन कार्यकर्ता उपकेंद्र पहुंचे और विद्युत अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और बिजली विभाग धन उगाही का केंद्र बन गया है।एक स्थानीय उपभोक्ता ने कहा, “स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली का खर्च अचानक बढ़ गया है। रिचार्ज करने के बावजूद बैलेंस जल्दी खत्म हो जाता है, जिससे हम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।”प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post