शिवपुर थाना क्षेत्र के चमाव, तरना स्थित एक जमीन पर बाटी-चोखा कार्यक्रम की तैयारी के दौरान विवाद हो गया। मामले में डिफेन्स कालोनी फुलवरिया कैण्ट निवासी अरविन्द यादव पुत्र भुल्लन यादव ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, जानलेवा हमला और धमकी देने का आरोप लगाया है।तहरीर के अनुसार, अरविन्द यादव 24 मई 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे अपनी जमीन आराजी संख्या 167, चमाव, तरना, शहबाद्दीनपुर थाना शिवपुर वाराणसी पर अपने कुछ मित्रों के साथ सायंकाल के बाटी-चोखा कार्यक्रम की तैयारी करने पहुंचे थे। वहां पानी और छाया की व्यवस्था हेतु सामग्री जुटाई जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही भुआल सिंह, रवि सिंह और अनिल सिंह पुत्रगण कमलेश सिंह निवासी चमाव, तरना थाना शिवपुर वहां से गुजरते समय पहुंचे और कार्यक्रम में स्वयं को आमंत्रित करने की बात कही।
अरविन्द यादव के अनुसार, उन्होंने कहा कि यह हम लोगों की आपसी पार्टी है और अन्य दिन पार्टी कर दी जाएगी। यह बात सुनते ही सभी विपक्षी आगबबूला हो गए और जबरन उनकी जमीन में घुस आए। आरोप है कि सभी लोग मां-बहन की गाली देते हुए कहने लगे कि “हमारे क्षेत्र में जमीन लेकर हमें मना करने की हिम्मत कैसे हुई। यहां से भाग जाओ, नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। यहां किसी तरह की पार्टी नहीं करनी है।”तहरीर में कहा गया है कि जब अरविन्द यादव और उनके मित्र श्रीनाथ मिश्रा, जो हाईकोर्ट के अधिवक्ता बताए गए हैं, ने इसका विरोध किया तो सभी विपक्षी एक राय होकर जान से मारने की नीयत से 5-6 अन्य अज्ञात लोगों के साथ लोहे की रॉड और फरसे से हमला करने लगे। हमले में श्रीनाथ मिश्रा का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।आरोप है कि घटना के बाद जाते समय सभी हमलावर धमकी देते हुए बोले कि “आज एक मरा है, अगर दोबारा इस क्षेत्र में दिखाई दिए तो तुमको भी जान से मार देंगे और बोटी-बोटी काटकर इसी फरसे से जमीन में गाड़ देंगे।”घटना के बाद अरविन्द यादव ने अपनी जान बचाने के लिए डायल 112 पर फोन कर सूचना दी, जिसका इवेंट नंबर P240526XXXXX बताया गया है। पीड़ित ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वही आज यानि बुधवार 27.05.2026 को अधिवक्ता श्रीनाथ मिश्रा के साथियों ने मारपीट करने वाले भुआल सिंह की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।


