मुंबई के दुर्गाडी किले में बकरीद पर विवाद, मंदिर-नमाज को लेकर बढ़ा तनाव; भारी पुलिस बल तैनात

महाराष्ट्र के कल्याण स्थित दुर्गाडी किला में बकरीद के मौके पर धार्मिक गतिविधियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। किले परिसर में नमाज और मंदिर में प्रवेश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, बकरीद पर किले परिसर में नमाज अदा करने की तैयारी की जा रही थी। इस पर कुछ हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि नमाज के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाती है। इसे लेकर संगठनों ने विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

वहीं, विरोध को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए किले और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि दुर्गाडी किला परिसर लंबे समय से धार्मिक दृष्टि से संवेदनशील रहा है। यहां मंदिर और ईदगाह को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। हाल ही में अदालत ने किले को सरकारी संपत्ति माना था, जिसके बाद इस मुद्दे ने फिर तूल पकड़ लिया है।






Post a Comment

Previous Post Next Post