काशी हिंदू विश्वविद्यालय सिंह द्वार पर अधिवक्ताओं ने कचहरी के विस्तारीकरण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने बनारस राइफल क्लब समेत अन्य स्थानों को जनहित में कचहरी विस्तार के लिए सुरक्षित रखने की मांग उठाई।धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि कचहरी के विस्तारीकरण को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। इससे पहले भी सेंट्रल बार और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं द्वारा कचहरी परिसर में कई बार धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना है कि बढ़ती जरूरतों और न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए कचहरी का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।
विनोद शुक्ला ने कहा कि अधिवक्ता गांधीवादी तरीके से लगातार आंदोलन कर रहे हैं और मांगें पूरी होने तक अलग-अलग स्थानों पर धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार पर उन्हें भरोसा है और जल्द ही अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।अधिवक्ताओं ने बताया कि मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो जनता के बीच जाकर महापंचायत आयोजित की जाएगी।धरना-प्रदर्शन में बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


