गंगा दशहरा को लेकर वाराणसी में अलर्ट: मार्कण्डेय महादेव और कैथी घाट का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने थाना चौबेपुर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल मार्कण्डेय महादेव मंदिर, कैथी घाट और आसपास के इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। मंदिर परिसर, घाटों, स्नान स्थलों, पार्किंग एरिया, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों और प्रवेश-निकास मार्गों की व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अपर पुलिस आयुक्त ने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग और व्यवस्थित कतार व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और उनकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को समय-समय पर जरूरी सूचनाएं दी जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया, ताकि जाम की स्थिति न बने। पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने और अवैध अतिक्रमण हटाने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर फिसलन वाले स्थानों की पहचान कर सुरक्षा उपाय करने, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग लगाने और जल पुलिस व गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही खोया-पाया केंद्र स्थापित कर बच्चों और बुजुर्गों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने और वहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।निरीक्षण के बाद अपर पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा दशहरा के दौरान हर ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता और सक्रियता बनाए रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अफवाहों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर त्वरित खंडन करने के भी निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं।



Post a Comment

Previous Post Next Post