16 माह के मासूम को मां से अलग करने का आरोप, पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार

पाण्डेयपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने 16 माह के दुधमुंहे बच्चे को ससुराल पक्ष द्वारा जबरन अलग कर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता रचना तिवारी पत्नी जितेन्द्र तिवारी ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और अपने बच्चे को वापस दिलाने की मांग की।पीड़िता का आरोप है कि उसके देवर, सास-ससुर व अन्य ससुरालीजनों ने उसके 16 माह के पुत्र को उससे छीन लिया और उसे घर से निकाल दिया। महिला का कहना है कि घटना के बाद से अब तक उसे न तो बच्चा सुपुर्द किया गया और न ही उससे मिलने दिया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसका पुत्र अभी बेहद छोटा है और उसे मां के दूध व देखभाल की आवश्यकता है। मां और बच्चे को अलग किए जाने से दोनों मानसिक और शारीरिक पीड़ा से गुजर रहे हैं।

महिला ने आरोप लगाया कि जब भी वह अपने बच्चे से मिलने या उसे वापस लेने की कोशिश करती है तो विपक्षीगण उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी देते हैं।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने लालपुर-पांडेयपुर चौकी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन दिए जाने के बाद दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर बच्चे की सुपुर्दगी को लेकर वार्ता की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पीड़िता को उसका बच्चा नहीं मिल पाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




Post a Comment

Previous Post Next Post