लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, CCTV में कैद ताबड़तोड़ फायरिंग

लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो नकाबपोश बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।मृतक की पहचान जौनपुर निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ कालिंदी पार्क के पास रहते थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच संदीप सिंह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ कल्ली पश्चिम स्थित यादव मार्केट में अपने ऑफिस पहुंचे थे। जैसे ही वह कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़े, तभी अपाचे बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर लगातार गोलियां चला दीं।

गोली लगने के बाद संदीप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और शुरुआती जांच में आपसी रंजिश सहित कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post