सोशल मीडिया अभियान पर एक और वार, कॉकरोच जनता पार्टी की वेबसाइट ठप

सोशल मीडिया पर चर्चा में आई 'कॉकरोच जनता पार्टी' के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि अब उनकी आधिकारिक वेबसाइट भी बंद कर दी गई है। इससे पहले पार्टी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की बात सामने आई थी।अभिजीत दिपके ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वेबसाइट पर 10 लाख से अधिक लोगों ने सदस्यता ली थी। इसके अलावा करीब 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे। उनका कहना है कि वेबसाइट का बंद होना सरकार की ओर से दबाव की कार्रवाई है।

दिपके ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कदम युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस अभियान से डर रही है, जबकि उनकी मांग सिर्फ बेहतर भविष्य को लेकर है। उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही नए प्लेटफॉर्म के जरिए अभियान जारी रखेंगे।इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुए ट्रेंड से हुई थी, जो धीरे-धीरे सरकार के खिलाफ एक अभियान का रूप लेता गया।

दिपके ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी और निजी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार हमले हो रहे हैं। उनके अनुसार, इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश की गई, जबकि एक्स (ट्विटर) पर मुख्य और बैकअप अकाउंट्स को भी भारत में बंद कर दिया गया।हालांकि, इन दावों को लेकर सरकार या संबंधित प्लेटफॉर्म्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post