पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत की खुशी में सोमवार को वाराणसी में जोरदार जश्न मनाया गया। शहर के गीता मंदिर के पास नई सड़क चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य विजय उत्सव मनाया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और “भारत माता की जय” व “जय श्रीराम” के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक भी शामिल हुए, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यकर्ताओं ने इस जीत को जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम देश की जनता के भरोसे और भाजपा की नीतियों की स्वीकृति को दर्शाता है।उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया। पूरे कार्यक्रम में जोश और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

