वाराणसी में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, संजीव सिंह बोले — “भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर पूरी तरह विफल है सरकार”

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर प्रदेशभर के मंडल मुख्यालयों पर मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति जांच की मांग को लेकर आयोजित कार्यक्रम के तहत वाराणसी के लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।संजीव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भय और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की बात करती है, लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने महोबा की दलित छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़िता के परिवार से मिलने तक कोई मंत्री या विधायक नहीं पहुंचा, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के घर पहुंचे और उसका दुःख साझा किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय के पीड़िता से मिलने से भाजपा सरकार बौखला गई और पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा उनके खिलाफ प्रदर्शन कराया जा रहा है। संजीव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके मंत्री अजय राय की संपत्ति जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि उनका जीवन खुली किताब की तरह है।उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी का करोड़ों रुपये का बकाया माफ किया गया। साथ ही विकास योजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन पूंजीपतियों को देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘चंदा दो-धंधा लो’ की नीति पर काम कर रही है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, मयंक चौबे, अनुपम राय, प्रमोद वर्मा समेत कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post