बाबा कालभैरव मंदिर में इन दिनों दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे आसपास के क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई है। क्षेत्रीय लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है, वहीं बच्चों के स्कूल आने-जाने में भी परेशानी हो रही है।कालभैरव मंदिर के महंत सुमित उपाध्याय ने पत्रकारों से बातचीत में मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मंदिर के आसपास दलालों का अड्डा बन चुका है। कुछ लोग श्रद्धालुओं को तत्काल दर्शन और वीआईपी दर्शन कराने का प्रलोभन देकर उनसे अवैध वसूली कर रहे हैं। पैसा न देने पर मारपीट और अभद्रता तक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
महंत सुमित उपाध्याय ने कहा कि मंदिर में क्षमता से अधिक लोगों का प्रवेश हो रहा है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि व्यवस्था के नाम पर स्थिति शून्य है और अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन मंदिर परिवार के साथ बैठकर जल्द समाधान नहीं निकालता है तो मंदिर परिवार स्वयं नियम बनाकर सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति देगा, ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।महंत ने बताया कि मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और निगरानी के लिए जल्द ही 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही एक रजिस्टर भी मेंटेन किया जाएगा, जिसमें वीआईपी दर्शन करने वालों की पूरी जानकारी दर्ज की जाएगी।


