वाराणसी के बहुचर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में बढ़ा तनाव, अधिकारियों से मुलाकात के बाद अंकिता सिंह ने जताया भरोसा

फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में 26 अप्रैल 2026 की रात सड़क हादसे के बाद कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या के मामले में एक बार फिर माहौल गर्म हो गया। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।मृतक की पत्नी अंकिता सिंह ने पहले न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते कचहरी परिसर और आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पैरामिलिट्री फोर्स और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि करनी सेना और कई क्षत्रिय संगठनों के नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किया गया।

परिजनों ने सरकार और प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के एक महीने बाद भी न तो सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही परिवार को सरकारी नौकरी एवं उचित मुआवजा मिला। अंकिता सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अपने तीन मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई।हालांकि बाद में आलाधिकारियों से मुलाकात के बाद अंकिता सिंह का रुख कुछ नरम दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से मिलकर संतुष्ट हैं और उन्हें शासन-प्रशासन पर पूर्ण विश्वास है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी तथा परिवार को न्याय अवश्य मिलेगा।




Post a Comment

Previous Post Next Post