OLX पर फर्जी विज्ञापन डालकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी वाराणसी में गिरफ्तार

 कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर सेल की प्रतिबिम्ब टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए OLX और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना सिगरा क्षेत्र स्थित होटल प्लाजा इन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और नकदी बरामद की है।पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध साइबर नृपेन्द्र तथा सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम विदुष सक्सेना के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने आरोपी को दबोचा।गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलादी नागराजू पुत्र जलादी वीरय्या निवासी ग्राम नरकोडुर, चेब्रोलु मंडल, जनपद गुंटूर, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी OLX सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी और घरेलू सामान बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। वह ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर पहले ऑनलाइन भुगतान कराता और पैसा मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और IMEI नंबर का इस्तेमाल करता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी भुगतान प्राप्त करने के लिए गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े QR कोड का उपयोग करता था, जिससे वास्तविक बैंक खातों की जानकारी छिपी रहे। वह लगातार शहर बदलकर होटलों में रुकता था और वहीं से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2015 से इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी करना स्वीकार किया है। जांच में देश के विभिन्न राज्यों से उसके खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की 73 शिकायतें सामने आई हैं। समन्वय पोर्टल पर प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन के IMEI नंबर से डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी शिकायतों का भी पता चला है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।अब तक की जांच में करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।इस मामले में एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और लोगों से ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहने की अपील की गई ।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post