पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में बनी 136 वर्ष पुरानी ‘गौरीपुर जामे मस्जिद’ को हटाने या अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह मस्जिद एयरपोर्ट के रनवे के काफी निकट स्थित है, जिसे विमानन सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील माना जा रहा है।एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद की निकटता के कारण बड़े विमानों के संचालन और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम की स्थापना में बाधा उत्पन्न हो रही है। निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप रनवे और किसी भी निर्माण के बीच आवश्यक दूरी नहीं होने से परिचालन पर प्रभाव पड़ रहा है।
इस संबंध में हाल ही में प्रशासन, एयरपोर्ट प्राधिकरण और मस्जिद प्रबंधन समिति के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पक्षों ने स्थिति पर चर्चा की, लेकिन बकरीद के मद्देनज़र फिलहाल किसी भी प्रकार की कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया है। अब ईद के बाद इस विषय में आगे निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस मुद्दे को उठाते हुए सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उचित कदम उठाने की बात कही है। दूसरी ओर, मस्जिद समिति का कहना है कि वे समाधान के पक्ष में हैं, लेकिन किसी भी निर्णय से पहले संबंधित धार्मिक संगठनों और वरिष्ठ स्तर पर विचार-विमर्श आवश्यक होगा।
उल्लेखनीय है कि यह मामला लंबे समय से लंबित है, लेकिन हालिया गतिविधियों के चलते अब इसके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की संभावना बढ़ गई है।


.jpeg)