पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, फिर भी पंपों पर लंबी कतारें; सरकार ने बताई वजह

देश के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे ईंधन की कमी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।सरकार के अनुसार यह स्थिति वास्तविक कमी की नहीं, बल्कि मांग में अचानक आई तेजी और लोगों द्वारा घबराकर अधिक ईंधन खरीदने (पैनिक बाइंग) के कारण बनी है। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने भी इस स्थिति को बढ़ाया है, जिससे लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।

पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, कुछ औद्योगिक और थोक उपभोक्ता महंगे दामों के कारण थोक बाजार की बजाय खुदरा पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीद रहे हैं। थोक और खुदरा कीमतों में बड़ा अंतर होने के चलते रिटेल पंपों पर दबाव बढ़ गया है, जिससे कई जगहों पर अस्थायी रूप से आपूर्ति प्रभावित हुई और कतारें लग गईं।इसके अलावा, कृषि सीजन के चलते डीजल की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद न करें। अधिकारियों का कहना है कि देश में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post