मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रिटायर्ड जज और मृतका की सास गिरिबाला सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।सीबीआई की टीम गुरुवार को भोपाल स्थित उनके आवास पर पहुंची, जहां कई घंटों तक पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। एजेंसी अब उनसे मामले से जुड़े अहम पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ करेगी।
हाईकोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए मामले को गंभीर बताया था। अदालत ने व्हाट्सऐप चैट, शरीर पर चोट के निशान और कथित प्रताड़ना जैसे तथ्यों को जांच के लिए महत्वपूर्ण माना। कोर्ट ने यह भी कहा कि मामले में कई ऐसे बिंदु हैं, जिनकी गहराई से जांच आवश्यक है।ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। मामले के तूल पकड़ने पर जांच राज्य पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दी गई थी।बताया जा रहा है कि सीबीआई अदालत में गिरिबाला सिंह की रिमांड मांग सकती है, ताकि पूछताछ के जरिए मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके। फिलहाल इस गिरफ्तारी के बाद केस ने एक नया मोड़ ले लिया है।


.jpeg)