भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लखनऊ ने प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज आंधी चल सकती है।
वहीं बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, कुशीनगर, महाराजगंज, कानपुर नगर सहित कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है। रायबरेली, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, आगरा, बरेली, संभल, बदायूं, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पूर्वांचल के वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और अयोध्या सहित कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। तेज बारिश और आंधी के चलते कई जिलों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं बुंदेलखंड के महोबा, झांसी और ललितपुर में लू चलने की भी संभावना बनी हुई है।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।


