वाराणसी। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दालमंडी क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय लोगों, धर्मगुरुओं एवं व्यापारियों से संवाद कर पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न की जाए तथा धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी की प्रक्रिया पूरी की जाए।
पुलिस आयुक्त ने लोगों से सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की भी अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से संबंधित किसी भी प्रकार के वीडियो, फोटो या आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा न करें। ऐसे मामलों पर पुलिस और साइबर सेल की विशेष निगरानी रहेगी।उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजखी जाएगी। साइबर सेल भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग कर रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित न हो सके।
पुलिस प्रशासन के अनुसार गुरुवार सुबह विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित समय के अनुसार नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद कुर्बानी की प्रक्रिया संपन्न होगी। नमाज और कुर्बानी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।


