शहर के बंगाली टोला स्थित गणेश महल इलाके में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय निवासी परिवार ने विद्युत विभाग और निजी कर्मचारियों पर पुराने बिजली मीटर को जबरन स्मार्ट मीटर से बदलने का दबाव बनाने तथा विरोध करने पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।मामला डी-34/130, गणेश महल, बंगाली टोला का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रदेश सरकार और ऊर्जा विभाग द्वारा पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने पर रोक की जानकारी होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर पुराने मीटर हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित कर दबाव बनाने की कोशिश की गई।
परिवार ने प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उपभोक्ताओं को अनावश्यक दबाव और उत्पीड़न से बचाने की अपील की है।हालांकि, इस मामले में विद्युत विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। विभागीय प्रतिक्रिया आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


