वाराणसी में लगातार बिजली कटौती से परेशान एक युवक अनोखे अंदाज में विरोध जताने के लिए बिजली उपकेंद्र पहुंच गया। युवक अपने साथ बिस्तर और तकिया लेकर उपकेंद्र पहुंचा और कर्मचारियों से कहा कि जब तक इलाके की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं होगी, वह यहीं सोएगा।
युवक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में घंटों बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने कहा कि कई बार शिकायत करने और जनप्रतिनिधियों तक बात पहुंचाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
प्रदर्शन के दौरान युवक ने कहा,
“जब मंत्री के आदेश तक इंजीनियर नहीं मान रहे हैं, तो आम जनता की सुनवाई कौन करेगा? अब मैं यहीं रहकर देखूंगा कि बिजली कब आती है।”घटना के दौरान उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने युवक को समझाने की कोशिश की। कुछ देर तक वहां लोगों की भीड़ भी जुटी रही। स्थानीय लोगों ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की।मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


