वाराणसी में भीषण गर्मी का कहर, 48 घंटे का रेड अलर्ट; काशी विश्वनाथ मंदिर में बिछाए गए मैट

पूर्वांचल में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है और वाराणसी प्रदेश का पांचवां सबसे गर्म शहर बन गया है। मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।शनिवार को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हुई, लेकिन उमस और तपिश से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। भीषण गर्मी का असर गंगा घाटों पर भी देखने को मिला, जहां सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई और कई घाटों पर सन्नाटा पसरा रहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फर्श पर मैट बिछाए गए हैं, ताकि गर्म सतह से लोगों को राहत मिल सके।मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, फिलहाल गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं और अगले सप्ताह तक लू का असर बना रह सकता है। 

उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में पछुआ हवाओं का असर अधिक है, लेकिन पूर्वांचल में भी एक-दो दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। रेड अलर्ट के बाद भी यलो अलर्ट जारी रहने की संभावना है।इधर, 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है, जो 2 जून तक चलेगा। मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने के आसार हैं, जबकि 30 मई से तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। इसके बाद भी तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post