315 करोड़ की लागत से कबीरचौरा अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशलिटी सेंटर, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन

काशी और पूरे पूर्वांचल के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रविवार को कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में 315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 500 बेड के अत्याधुनिक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का विधिवत पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से शुरू हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। कार्यक्रम में मातृशक्ति रचना अग्रवाल और साधना वेदांती द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया गया। इस दौरान सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने विधायक का बुके देकर स्वागत किया।

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कबीरचौरा का शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल पूर्वांचल के लाखों मरीजों की जीवनरेखा रहा है। अब इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशलिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान 300 बेड क्षमता वाले अस्पताल को बढ़ाकर 500 बेड का बनाया जाएगा।अस्पताल में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरो समेत गंभीर बीमारियों के इलाज की विशेष व्यवस्था होगी। साथ ही 50 से अधिक ICU बेड, 100 से अधिक HDU बेड और 20 बेड का आधुनिक डायलिसिस वार्ड भी तैयार किया जाएगा। बच्चों के बेहतर उपचार के लिए अलग चाइल्ड यूनिट और महिला अस्पताल परिसर में बच्चों के ICU भवन का भी निर्माण प्रस्तावित है।परियोजना के तहत दो टावरों वाला आठ मंजिला आधुनिक भवन बनाया जाएगा। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।उन्होंने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 2 से 3 हजार मरीज पहुंचते हैं, जबकि कई दिनों में यह संख्या 4 हजार तक हो जाती है। वाराणसी के अलावा पूर्वांचल और आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल का सबसे आधुनिक और विश्वस्तरीय सरकारी अस्पताल बनकर उभरेगा, जहां गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध होगा।इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, रचना अग्रवाल, साधना वेदांती, बब्लू सेठ, डब्बू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post