लैंड पूलिंग मॉडल बना विकास की नई मिसाल, वीडीए ने 42 काश्तकारों को किया सम्मानित

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की महत्वाकांक्षी आनंद काशी योजना, कल्लीपुर एवं रुद्र विहार योजना, मढ़नी को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले काश्तकारों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। लैंड पूलिंग मॉडल के तहत अपनी भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों के सम्मान में आयोजित समारोह में विकास और जनसहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त एस. राजलिंगम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने किसानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।

अपने संबोधन में आयुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि आनंद काशी और रुद्र विहार जैसी टाउनशिप परियोजनाएं पूर्वांचल के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि किसानों के विश्वास और सहयोग से ही यह महत्वाकांक्षी परियोजना धरातल पर उतर रही है। लैंड पूलिंग मॉडल को जनभागीदारी और विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में पहली बार किसानों ने इतनी बड़ी संख्या में स्वेच्छा से इस व्यवस्था का समर्थन किया है।आयुक्त ने वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व और प्राधिकरण की टीम के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल आवासीय विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकास, विश्वास और सहभागिता की नई कहानी लिख रही है।

सम्मान समारोह में रुद्र विहार योजना, मढ़नी से जुड़े 20 तथा आनंद काशी योजना, कल्लीपुर से जुड़े 22 काश्तकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा सहित प्राधिकरण के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान किसानों ने भी योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post