यूपी में बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद यातायात विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। अब शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ केवल चालान नहीं, बल्कि सीधे गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।यातायात निदेशालय ने 21 मई को प्रदेश के पुलिस उपायुक्त (यातायात) को निर्देश जारी करते हुए विशेष अभियान चलाने को कहा है। मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) की धारा 203(4) के तहत पुलिस को अधिकार होगा कि नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर चालक को बिना वारंट मौके पर हिरासत में लेकर जेल भेज सके।
नई व्यवस्था के तहत हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे से 11 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान मुख्य रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख सड़कों और टोल प्लाजा के आसपास केंद्रित रहेगा।यातायात विभाग के अनुसार, हाल ही में चलाए गए चार दिवसीय अभियान में पूरे प्रदेश से 5,143 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में पकड़ा गया। सरकार का मानना है कि सख्ती से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी
।


